भारतीय विद्या भवन विद्याश्रम, प्रताप नगर एवं के.एम. मुंशी मार्ग विद्यालय

ने संयुक्त रूप से मनाया 77वां गणतंत्र दिवस समारोह

भारतीय विद्या भवन विद्याश्रम, प्रताप नगर तथा के.एम. मुंशी मार्ग के विद्यार्थियों द्वारा 77वें गणतंत्र दिवस का संयुक्त रूप से भव्य एवं अनुशासित आयोजन विद्यालय प्रांगण में वंदेमातरम् व आत्मनिर्भर भारत थीम के अन्तर्गत अत्यंत उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूरे परिसर को राष्ट्रीय ध्वज, तिरंगे रंगों तथा देशभक्ति से प्रेरित सजावट द्वारा आकर्षक रूप दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय गौरव, अनुशासन, एकता एवं देशप्रेम की भावना को सुदृढ़ करना रहा।

समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि कर्नल राहुल दत्त शर्मा के द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई, जिसके पश्चात सभी उपस्थित जन ने राष्ट्रगान के साथ देश के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। समारोह में भारतीय विद्या भवन प्रबंधन समिति के चेयरमेन श्री राजीव जैन एवं सदस्यगण श्री आर.सी. जैन, डॉ. राजेन्द्र भानावत, डॉ. रेखा गुप्ता, श्री कमल कोठारी, श्रीमती प्रीति संगवान उपस्थित रहे।

इसके बाद विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट एवं ड्रिल की शानदार प्रस्तुति देकर अपने अनुशासन, तालमेल एवं प्रशिक्षण का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की कदमताल, एकरूपता और जोश ने सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

विद्यालय परिसर में झांकियाँ भी प्रस्तुत की गईं, जो आकर्षण का केंद्र रहीं। प्रस्तुति में सौर ऊर्जा, पवन चक्की तथा आत्मनिर्भर भारत का संदेश प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया गया। वंदेमातरम् प्रस्तुति में “काकोरी कांड”, “सरदार वल्लभभाई पटेल” तथा कुलपति के.एम. मुंशी जी के योगदान को दर्शाते हुए स्वतंत्रता संग्राम की वीरता, बलिदान एवं राष्ट्र एकीकरण के आदर्शों को प्रेरक ढंग से प्रस्तुत किया गया। इन प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों के इतिहास-बोध और रचनात्मकता की सराहनीय झलक दी।

समारोह में विद्यार्थियों ने हिंदी एवं अंग्रेज़ी भाषण के माध्यम से संविधान, लोकतंत्र, नागरिक कर्तव्यों तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल शर्मा ने अपने उद्बोधन में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भारत का संविधान हमें अधिकारों के साथ कर्तव्यों की याद दिलाता है और सभी को इनके प्रति अपने जीवन में समर्पित रहना चाहिए।

भारतीय विद्या भवन जयपुर केन्द्र सीपीसी चेयरमेन एवं विद्यालय प्रबंधन समिति सदस्य श्री कमल कोठारी ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम, ईमानदारी तथा राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखने का संदेश दिया और ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अजयश्री शर्मा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। यह संयुक्त गणतंत्र दिवस आयोजन देशभक्ति, संस्कृति, इतिहास एवं अनुशासन की भावना से परिपूर्ण रहा और उपस्थित सभी जनों के लिए प्रेरणादायक बनकर स्मरणीय रूप में संपन्न हुआ।

Scroll to Top